गुना जिले में म्याना थाना पुलिस ने मिनी ट्रक से बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। ट्रक में किराना सामान और प्लास्टिक पाइप के पीछे 16 बड़े कार्टून में आतिशबाजी छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने पटाखों और ट्रक समेत करीब 30 लाख रुपए का माल जब्त किया है। चालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर रोका ट्रक म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP 09-9741 में बड़ी मात्रा में पटाखे भरकर गुना से बदरवास की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। किराना और पाइप के पीछे मिले 16 कार्टून पूछताछ में चालक ने अपना नाम पवन जोशी (40), निवासी ग्राम चितारा, थाना बदरवास, जिला शिवपुरी बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर आगे किराना सामान और प्लास्टिक पाइप रखे मिले। इनके पीछे विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे 16 बड़े कार्टून छिपाए गए थे। पुलिस ने चालक से पटाखों के परिवहन और भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका। विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज पुलिस ने पटाखों और परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर लिया है। म्याना थाने में आरोपी पवन जोशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

