गन्ने के भाव में ₹15 की बढ़ोतरी पर भड़के किसान:यमुनानगर में कृषि मंत्री के आवास के पास फूंका CM-मंत्री का पुतला

गन्ने के भाव में ₹15 की बढ़ोतरी पर भड़के किसान:यमुनानगर में कृषि मंत्री के आवास के पास फूंका CM-मंत्री का पुतला

गन्ने के भाव में 15 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। सरकार की ओर से इसे दिवाली का तोहफा बताए जाने पर किसान संगठनों ने नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को यमुनानगर के रादौर में प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) के बैनर तले किसान अनाज मंडी में एकत्रित हुए और वहां से रोष मार्च निकालते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास के नजदीक पहुंचे। यहां किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुतले फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने चेतावनी दी कि गन्ने का उचित भाव नहीं मिला तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत बुलाने का ऐलान भी किया गया। प्रदर्शन को देखते हुए कृषि मंत्री के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव देने की मांग भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि किसान लंबे समय से गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने केवल 15 रुपए की बढ़ोतरी कर किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इसे दिवाली का तोहफा बता रही है, जबकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य तक नहीं मिल रहा। संजू ने कहा कि जब बाजार में चीनी के दाम 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं तो गन्ना उत्पादक किसानों को भी इसका उचित लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती पर लगातार बढ़ रही लागत के बीच महज 15 रुपए की बढ़ोतरी किसानों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। शुगर मिलें बंद करने और भाजपा नेताओं का विरोध करने की चेतावनी किसान नेता ने कहा कि यदि सरकार ने गन्ने के रेट में उचित बढ़ोतरी नहीं की तो पूरे हरियाणा के किसानों की बैठक बुलाकर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। आंंदोलन के तहत शुगर मिलें बंद करने, गन्ने की फसल उखाड़ने और भाजपा नेताओं व मंत्रियों के गांवों में प्रवेश का विरोध करने जैसे फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान अब सरकार के इस फैसले को चुपचाप स्वीकार नहीं करेंगे। मांग पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *