गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक को रास्ते में रोककर लूटा:धमतरी में मारपीट कर पर्स छीना, 2 आरोपी गिरफ्तार, दस्तावेज और नकदी बरामद

गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक को रास्ते में रोककर लूटा:धमतरी में मारपीट कर पर्स छीना, 2 आरोपी गिरफ्तार, दस्तावेज और नकदी बरामद

धमतरी शहर में गणेश प्रतिमा खरीदने आए एक युवक से रास्ते में मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता के महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई है। गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी आया था युवक शिकायतकर्ता रोहित कुमार यादव (24), निवासी ग्राम बोरिदकला, बालोद ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर 2026 को वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा खरीदने कुम्हारपारा, धमतरी आ रहा था। दोपहर करीब 2 बजे रिसाईपारा म्युनिसिपल स्कूल के पास दो दोपहिया वाहनों पर सवार युवकों ने उसे रोक लिया। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रोहित का पर्स छीनकर दोनों वाहन से फरार हो गए। पर्स में थे 10 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज रोहित के अनुसार, पर्स में 10 हजार रुपए नकद के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक ऑफ बड़ौदा व ग्रामीण बैंक के एटीएम कार्ड रखे थे। घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। रिसाईपारा से 2 संदिग्ध पकड़े गए पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान रिसाईपारा क्षेत्र से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनकी पहचान राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा (20), निवासी रिसाईपारा, जमात खाना के पास और राहुल उर्फ रोहित सोना (26), निवासी जालमपुर वार्ड, स्वीपर कॉलोनी के रूप में हुई। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। नकदी, दस्तावेज और दोनों वाहन बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता के लूटे गए महत्वपूर्ण दस्तावेज और 10 हजार रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *