कासगंज में बीती रात से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मूसलाधार बारिश से प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। जिले में 1 से 12 तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। बारिश से मुख्य बाजारों, कॉलोनियों और संपर्क मार्गों पर जलभराव हो गया है। वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों पर सावधानी से निकलना पड़ रहा है। कई जगह नालियों का पानी भी सड़कों पर आ गया, जिससे आवाजाही पर असर पड़ा। लगातार बारिश से मौसम पर भी असर दिख रहा है। तापमान में गिरावट आई है और शहर में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कासगंज का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर धूप नहीं निकली। सावधानी बरतने की अपील की बारिश से स्कूलों, दफ्तरों और जरूरी काम से निकलने वालों को भी दिक्कतें हो रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से बिना वजह घरों से बाहर न निकलने और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।

