रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक हादसे के बाद पुलिस ने अवैध शराब की खेप पकड़ी है। एक ट्राले की टक्कर से कैंटर ठीक कर रहे दिल्ली निवासी 55 वर्षीय मिस्त्री मनोज कुमार की मौत हो गई थी, जबकि कैंटर मालिक घायल हो गए। बता दें कि, शुक्रवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही पुल के पास खराब एक कैंटर को ठीक कर रहे मैकेनिक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। वहीं कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। यहां देखें फोटो… पंखों की लेयर के नीचे छिपाई अवैध शराब सूचना के बाद मौके पर कसौला थाना पुलिस पहुंची थी। आरोपी ट्राला ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने ट्राले की जांच की तो पंखे की आड़ में भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुई। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि ट्राले में गाजियाबाद से मुंबई के लिए 1000 बिजली के पंखे लोड थे। पंखों की 10 परतें हटाने के बाद 276 शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस को शक है कि यह शराब गुजरात पहुंचाई जानी थी। पुलिस जांच कर रही है कि शराब कहां से लोड हुई और किसने कराई। रेवाड़ी एसपी हेमेंद्र मीणा ने कहा कि जिले में कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

