कानपुर के कैटरिंग एवं आयोजन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की समस्याओं, संगठन की भावी कार्ययोजना और सामाजिक दायित्वों को लेकर कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन की ओर से 9 अक्टूबर को विराट महासम्मेलन, आमसभा एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से मर्चेंट चैंबर हॉल में होगा। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान और कानपुर सांसद रमेश अवस्थी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल कार्यक्रम की जानकारी देना नहीं, बल्कि कैटरिंग एवं आयोजन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों की सामूहिक आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना है। सम्मेलन में भुगतान संबंधी समस्याओं, व्यावसायिक चुनौतियों, स्टाफ और सरप्लस से जुड़े विषयों सहित कारोबारियों की अन्य समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। सदस्यों से सुझाव लेकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। पदाधिकारियों के मुताबिक कैटरिंग व्यवसाय में गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और व्यावसायिक अनुशासन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर रहेगा। संगठन भोजन को केवल व्यवसाय न मानकर सामाजिक दायित्व से जोड़ने की दिशा में भी काम करेगा। जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने और अन्न सेवा जैसी पहल को बढ़ावा देने की योजना है। संगठन की भावी कार्ययोजना में सदस्यों के लिए प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना सुरक्षा, व्यावसायिक सहयोग, सामूहिक खरीद और हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। सम्मेलन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, फतेहपुर, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद समेत विभिन्न जिलों के कैटरर्स शामिल होंगे।

