विदिशा में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी और समन्वय समिति की बैठक में पार्टी ने मतदाता सूची को लेकर एक फैसला लिया है। विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद मतदाता सूचियों में हुए बदलावों और वोट काटने की शिकायतों को देखते हुए कांग्रेस अब बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों की जांच करेगी। बैठक में तय किया गया कि जिन परिवारों के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या जो नए नाम दर्ज होने से रह गए हैं, उनसे जिला और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। ‘वोट चोरी’ के खिलाफ गांव-गांव चलेगा अभियान बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक बालासाहेब थोरात ने वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए एक बड़ी चुनौती करार देते हुए कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसी कड़ी में कांग्रेस ने अपने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जिले के गांव-गांव तक ले जाने का निर्णय लिया है। 1 नवंबर को दिल्ली महारैली में पहुंचेगा विदिशा का दल मतदाता सूची की जांच के साथ-साथ बैठक में 1 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महारैली की तैयारियों पर भी मंथन हुआ। बैठक में तय हुआ कि विदिशा जिले से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजा जाएगा। इस दौरान भोपाल संभाग प्रभारी व विधायक रजनीश सिंह, जिला संगठन प्रभारी राजेश रघुवंशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने भी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी इस अहम बैठक में पूर्व विधायक, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी और जिला कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूरी बैठक में एक तरफ जहां बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर मतदाता सूचियों की निगरानी का खाका तैयार किया गया, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय प्रदर्शन में विदिशा की मजबूत भागीदारी दर्ज कराने की रणनीति बनाई गई।

