पत्नी के साथ टहल रहे युवक का मोबाइल लूटा:संतोषी नगर में रात 10:30 बजे अनंत ज्वेलर्स के सामने वारदात, 80 हजार का मोबाइल और एक्टिवा जब्त

पत्नी के साथ टहल रहे युवक का मोबाइल लूटा:संतोषी नगर में रात 10:30 बजे अनंत ज्वेलर्स के सामने वारदात, 80 हजार का मोबाइल और एक्टिवा जब्त

रायपुर के संतोषी नगर में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पत्नी के साथ टहल रहे युवक का मोबाइल झपट लिया और तेजी से भाग निकले। युवक उस वक्त अपने व्यवसाय से जुड़ा ऑडियो सुनने के लिए फोन कान पर लगाए हुए था। 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई इस वारदात में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त की गई है। दोनों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए है। दूसरा आरोपी अब भी फरार है। मोबाइल छीना और भाग निकले पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद फारूख चांगल ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की रात वह पत्नी के साथ घर से टहलने निकले थे। संतोषी नगर मेन रोड पर अनंत ज्वेलर्स के सामने पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। इससे पहले कि वह कुछ कर पाते, दोनों स्कूटी से तेजी से फरार हो गए। CCTV फुटेज से खुला सुराग शिकायत के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने शेख तौहीद (20), निवासी बैद्यनाथपारा, कोतवाली क्षेत्र, को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शेख तौहीद ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से मोबाइल और एक्टिवा जब्त कर ली गई है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *