करवा चौथ के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी:करवा, चलनी, दीपक और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर बढ़ी ग्राहकी

करवा चौथ के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी:करवा, चलनी, दीपक और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर बढ़ी ग्राहकी

सिवनी जिले में करवा चौथ पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों तक करवा, चलनी, आकर्षक दीपक और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं।पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ रही है और व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। सिवनी मुख्यालय के बुधवारी बाजार, नगर पालिका चौक, छिंदवाड़ा चौक और बारापत्थर क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर करवा चौथ की सामग्री की दुकानें लगाई गई हैं। दुकानों पर मिट्टी के पारंपरिक करवों के साथ रंग-बिरंगे करवे भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा पूजन थालियां, चलनी, दीपक, सजावटी वस्तुएं और अन्य पूजन सामग्री महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग भी अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। कपड़े, आभूषण और श्रृंगार सामग्री की बढ़ी मांग करवा चौथ के चलते कपड़ों, साड़ियों, आभूषणों और मनियारी की दुकानों पर भी ग्राहकी बढ़ गई है। महिलाएं पर्व के लिए नई साड़ियां, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और अन्य श्रृंगार सामग्री खरीद रही हैं। पर्व पर पारंपरिक परिधान पहनने और सोलह श्रृंगार करने की परंपरा के चलते बाजार में इन वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग पर्व के लिए महिलाएं ब्यूटी पार्लरों में भी पहले से बुकिंग करा रही हैं। हेयर स्टाइल, फेशियल और विशेष मेकअप के लिए महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार समय निर्धारित कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि पर्व के दिन बाजारों में होने वाली भीड़ से बचने के लिए वे पहले ही खरीदारी करना पसंद करती हैं। करवा चौथ विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ व्रत रखती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *