कपूरथला जिले के नडाला कस्बे में बीती रात चोरों ने दो दुकानों के शटर तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। दोनों वारदातें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। घटनाओं के बाद स्थानीय दुकानदारों में डर का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले सुभानपुर रोड स्थित संजू चिकन कॉर्नर को निशाना बनाया। शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर वहां से एक एलसीडी चोरी कर ले गए। इसके बाद गुरुद्वारा बाउली साहिब मार्केट स्थित शर्मा कंप्यूटर की दुकान का शटर तोड़कर करीब 5 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सुबह दुकानदारों ने जब अपनी दुकानों के शटर टूटे देखे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम दुकानदार संजू और राहुल ने बताया कि उन्होंने चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

