Kanya Pujan: नवरात्रि में अष्टमी और कुछ जगहों पर नवमी के दिन कन्या पूजन के साथ कन्या भोज की भी खास तैयारी की जाती है। इस दौरान घरों में छोटी कन्याओं को भोजन के लिए बुलाया जाता है और उन्हें हलवा, पूरी और काले चने का प्रसाद परोसा जाता है। ऐसे में अगर आप भी इस बार कन्या भोज की तैयारी कर रहे हैं,सकते हैं। तो यहां बताए गए आसान तरीकों को अपनाकर घर पर ही स्वादिष्ट प्रसाद बना सकते हैं। आइए जानते हैं काला चना, पूरी और सूजी का हलवा बनाने की आसान रेसिपी।
बेटी के लिए नवसंकल्प गाइड: नवरात्रि विशेष में पढ़िए बेटी के भविष्य से जुड़े नौ संकल्प…
कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं काले चने
काले चने बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप काले चने
- 2 बड़े चम्मच तेल या घी
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- एक चुटकी हींग
- आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर या स्वादानुसार
- नमक स्वादानुसार
- एक चौथाई छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- जरूरत के अनुसार पानी
- बारीक कटा हरा धनिया
काले चने बनाने का तरीका
- सबसे पहले काले चनों को साफ करके पानी से अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें रातभर या करीब 8 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
- सुबह चनों का पानी निकालकर इन्हें कुकर में डालें। जरूरत के अनुसार साफ पानी डालकर कुकर बंद करें और चनों को नरम होने तक पकाएं। ध्यान रखें कि चने इतने न गलें कि उनका आकार खत्म हो जाए।
- अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालें। जीरा चटकने लगे, तो हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालकर हल्का सा भून लें।
- इसके बाद उबले हुए चने डालें और मसालों के साथ अच्छी तरह मिला लें। अगर चने ज्यादा सूखे लगें, तो थोड़ा सा उबालने वाला पानी डाल सकते हैं।
- चनों को धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए। आखिर में अमचूर पाउडर डालकर मिला लें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया भी डाल सकते हैं।
टिप: कन्या पूजन के लिए चने बनाते समय मिर्च और मसालों की मात्रा कम रखें, ताकि बच्चों को खाने में परेशानी न हो।
कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं पूरी
पूरी बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- आधा छोटा चम्मच नमक या स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच तेल
- जरूरत के अनुसार पानी
- पूरी तलने के लिए तेल
पूरी बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और नमक डालकर मिला लें। चाहें तो इसमें एक छोटा चम्मच तेल भी मिला सकते हैं।
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथें। पूरी का आटा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त होना चाहिए, ताकि पूरी बेलते समय आसानी से अपना आकार बनाए रखे।
- आटे को ढककर करीब 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
- हर लोई को बेलकर पूरी का आकार दें। ध्यान रखें कि पूरी बहुत पतली या बहुत मोटी न हो, क्योंकि इससे उसके फूलने पर असर पड़ सकता है।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर एक पूरी डालें और कलछी से हल्का दबाएं। पूरी फूलने लगे, तो उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी सुनहरा होने तक तल लें। इसी तरह बाकी पूरियां भी तल लें।
टिप: पूरी तलने के लिए तेल का सही गर्म होना जरूरी है। तेल कम गर्म होगा, तो पूरी ज्यादा तेल सोख सकती है। वहीं, बहुत ज्यादा गर्म तेल में पूरी जल्दी भूरी हो सकती है। इसलिए तेल को मध्यम से तेज आंच पर गर्म करें और तलते समय जरूरत के अनुसार आंच कम-ज्यादा करते रहें।
कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं सूजी का हलवा
हलवा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप सूजी
- आधा कप घी
- 1 कप चीनी या स्वादानुसार
- 3 कप पानी
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, अगर पसंद हो
- जरूरत के अनुसार काजू और किशमिश
अष्टमी पर हलवा बनाने का तरीका
- सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें। अब इसमें सूजी डालें और धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।
- सूजी को तब तक भूनें, जब तक उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे। ध्यान रखें कि सूजी कड़ाही में चिपककर जले नहीं।
- अब एक अलग बर्तन में पानी गर्म कर लें। भुनी हुई सूजी में धीरे-धीरे गर्म पानी डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। पानी डालते समय छींटे पड़ सकते हैं, इसलिए सावधानी रखें।
- जब सूजी पानी सोखने लगे, तो इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब हलवे को धीमी आंच पर पकने दें।
- हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर डाल दें। चाहें तो काजू और किशमिश भी मिला सकते हैं।
- हलवे को कुछ मिनट और पकाएं। जब यह अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
टिप: हलवे का स्वाद अच्छा बनाने के लिए सूजी को जल्दबाजी में न भूनें। इसे लगातार चलाते हुए अच्छी तरह भूनें, ताकि रंग और खुशबू दोनों अच्छे आएं। चीनी अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा रख सकते हैं।

