औरैया में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार:संपत्ति को लेकर था विवाद, पत्नी के चरित्र पर करता था शक; अंगौछे बरामद

औरैया में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार:संपत्ति को लेकर था विवाद, पत्नी के चरित्र पर करता था शक; अंगौछे बरामद

औरैया के बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव में पत्नी की हत्या के फरार आरोपी पति को बेला पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो अंगौछे बरामद किए हैं। घटना 4 सितंबर की है। पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके दामाद प्रमोद राजपूत ने उनकी 35 वर्षीय बेटी रेखा की अंगौछे से गला घोंटकर हत्या कर दी है। आरोपी ने शव को कमरे में बंद कर दिया था और कमरे की चाबी तेजराम को खेत पर देने के बाद फरार हो गया था। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तेजराम की तहरीर पर प्रमोद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने रात करीब आठ बजे भदौरा मोड़ से प्रमोद कुमार पुत्र रामनारायण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी रेखा से वर्ष 2015 में हुई थी। दोनों के तीन बेटे हैं। रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी थी और उसके नाम तीन बीघा जमीन व एक प्लॉट था। प्रमोद अपने परिवार के साथ ससुराल में ही रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। संपत्ति हाथ से निकल जाने के डर से उसने जमीन और प्लॉट भी अपने नाम करा लिए थे। आरोप है कि जन्माष्टमी के दिन विवाद के दौरान प्रमोद ने अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे या परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। हत्या के बाद आरोपी ने अपने ससुर को घटना की जानकारी दी, कमरे की चाबी सौंपी और मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अचनकापुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह पट्टी ज्ञानी में रह रहा था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *