उज्जैन में दूध में मिलावट की मौके पर जांच:खाद्य विभाग ने रैपिड किट से की चेकिंग, सिंधी कॉलोनी में पकड़े गए वाहन

उज्जैन में दूध में मिलावट की मौके पर जांच:खाद्य विभाग ने रैपिड किट से की चेकिंग, सिंधी कॉलोनी में पकड़े गए वाहन

उज्जैन में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित दूध उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिल्क रैपिड टेस्टिंग अभियान शुरू किया है। मध्यप्रदेश के खाद्य सुरक्षा आयुक्त और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर उज्जैन जिले में भी रैपिड टेस्टिंग किट से दूध की मौके पर प्राथमिक जांच की जा रही है। इसके लिए मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खास रैपिड टेस्टिंग किट दी गई है। खाद्य विभाग की टीम ने सिंधी कॉलोनी इलाके में चेक प्वाइंट लगाकर दूध डेयरियों और दूध लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान शांतिलाल चौकसे (निवासी ग्राम तालोद) के वाहन क्रमांक MP 13 ZX 8031, संजय अंजना (निवासी ग्राम तालोद) के दूध वाहन MP 13 JF 2815, सिंधी कॉलोनी की संतोष डेयरी और ग्राम निनोरा निवासी भारत सिंह चौधरी के दोपहिया वाहन की रैपिड किट से जांच की गई। रैपिड टेस्टिंग किट में एक खास पेपर होता है। इसे दूध के नमूने में डुबोकर शुरुआती जांच की जाती है। दूध में मिलावट के हिसाब से पेपर का रंग बदल जाता है। इससे मौके पर ही मिलावट की संभावित जानकारी मिल जाती है। यह किट दूध में स्टार्च, शक्कर, नमक, न्यूट्रलाइजर और मल्ट्रोडेक्सट्रिन जैसी मिलावट का पता लगा सकती है। अगर शुरुआती जांच में मिलावट की आशंका सामने आती है, तो विभाग इन्फॉर्मेंट नमूना लेकर उसे राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजता है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाती है। विभाग ने माधव क्लब रोड स्थित स्मार्ट बाजार में चलित खाद्य प्रयोगशाला के जरिए ग्राहकों को खाने-पीने की चीजों में संभावित मिलावट और घर पर किए जा सकने वाले आसान परीक्षणों के बारे में बताया। लोगों को नमक, तेल और शक्कर का सेवन कम करने, पर्याप्त पानी पीने और हरी सब्जियां, दूध-दुग्ध उत्पाद, मौसमी फल, दाल व मोटे अनाज को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही तली हुई चीजें कम खाने और पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले लेबल की जानकारी जांचने के लिए जागरूक किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *