मुरैना के चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत थाना बागचीनी और देवगढ़ पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो प्रमुख रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदवाकर बंद करा दिया। पुलिस का मानना है कि इन रास्तों के अवरुद्ध होने से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, डंपरों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। दो स्थानों पर खुदवाए गड्ढे पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के संभावित मार्गों को चिह्नित कर कार्रवाई की। इन रास्तों का इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों से अवैध रेत परिवहन के लिए किए जाने की आशंका थी। पुलिस ने इन मार्गों को बंद कर वाहनों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की है। अवैध खनन पर अंकुश लगाने की कोशिश चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत जिलेभर में ऐसे रास्तों की पहचान की जा रही है, जिनका उपयोग रेत के अवैध परिवहन के लिए किया जाता है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और अवैध खनन के कारण शासन को होने वाले राजस्व के नुकसान को रोकना है। अन्य अवैध रास्तों पर भी होगी कार्रवाई एसपी धर्मराज मीना के अनुसार, जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अवैध रेत परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य रास्तों को भी चिह्नित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उन मार्गों को भी इसी तरह अवरुद्ध कराया जाएगा, ताकि अवैध उत्खनन और परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

