शिवपुरी जिला मुख्यालय सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिवपुरी शहर में मुस्लिम समाज द्वारा एक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बरकरार रहा। शिवपुरी शहर में जुलूस की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुसैन टेकरी से हुई। यह जुलूस इंद्रा कॉलोनी, फिजिकल रोड, संजय कॉलोनी, काली माई, खटीक मोहल्ला, सईषपुरा, घोसीपुरा, जलमंदिर, कोर्ट रोड, माधव चौक चौराहा, गुरुद्वारा, इमामबाड़ा, जवाहर कॉलोनी और सुभाष चौक से होते हुए वापस हुसैन टेकरी पर समाप्त हुआ। लगभग आठ घंटे तक चला यह जुलूस शाम 6 बजे संपन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग पैदल शामिल हुए, जबकि कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों पर सवार थे। धार्मिक नारों के साथ ईद मिलादुन्नबी की खुशियां मनाई गईं। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस की अध्यक्षता ईद मिलादुन्नबी जुलूस के सदर लुकमान खान ने की। इस दौरान शहर काजी वलीउद्दीन सिद्दीकी, समाज के वरिष्ठजन और विभिन्न मुस्लिम कमेटियों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया। पूरे जिले में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। यह पर्व पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी में मनाया जाता है। इस दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश दिया गया।

