अमृतसर में जमीन विवाद के चलते युवक की ट्रैक्टर और सुपरसीडर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना राजासांसी हलके के गांव कोटली खैहरा की है। यहां रविवार देर शाम जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने हरपाल सिंह को ट्रैक्टर और सुपरसीडर के नीचे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजासांसी जगबीर सिंह औलख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा था दोनों पक्षों में विवाद जानकारी के मुताबिक, किसान हरपाल सिंह पुत्र दीदार सिंह गांव कोटली खैहरा का रहने वाला था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच थाने में बैठकर समझौता भी हुआ था। लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। ट्रैक्टर से खेत जोतने पर हरपाल सिंह ने किया विरोध गांव के रहने वाले हरजीत सिंह ने बताया कि समझौते के बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने हरपाल सिंह की जमीन पर जबरन ट्रैक्टर चलाकर खेत जोतना शुरू कर दिया। इनमें महिंगा सिंह, कश्मीर सिंह और कुछ अन्य लोग शामिल थे। जब हरपाल सिंह ने उन्हें जमीन जोतने से रोका तो आरोपियों ने ट्रैक्टर और उसके पीछे लगे सुपरसीडर को उसके ऊपर चढ़ा दिया। इससे हरपाल सिंह बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एफआईआर दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी वही, डीएसपी राजासांसी जगबीर सिंह औलख ने बताया कि हरपाल सिंह की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।

