इंदौर विधानसभा-1 में 2028 के चुनाव की आहट:सुदर्शन की चुनरी यात्रा के बाद मंत्री पुत्र का युवाओं पर दांव, IAS-MPPSC फ्री कोचिंग और उपहार देंगे

इंदौर विधानसभा-1 में 2028 के चुनाव की आहट:सुदर्शन की चुनरी यात्रा के बाद मंत्री पुत्र का युवाओं पर दांव, IAS-MPPSC फ्री कोचिंग और उपहार देंगे

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव दिसंबर 2028 में होने हैं, लेकिन इंदौर-1 में राजनीतिक सक्रियता अभी से बढ़ने लगी है। पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता चुनरी यात्रा के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं, तो पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने युवाओं को साधने के लिए निशुल्क IAS- MPPSC कोचिंग शुरू करने का ऐलान किया है। रविवार को गुप्ता की चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए थे। इसके अगले ही दिन आकाश की घोषणा ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। एक ओर बड़े नेताओं की मौजूदगी वाला धार्मिक आयोजन, तो दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तक पहुंचने की पहल। कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में दोनों पूर्व विधायकों की सक्रियता के अपने-अपने सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। चुनरी यात्रा से गुप्ता की सक्रियता, कोचिंग से आकाश की तैयारी रविवार को सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया। गुप्ता लंबे समय बाद विधानसभा-1 में अपनी सक्रियता को लेकर चर्चा में हैं। उन्हें विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के खेमे का माना जाता है। ऐसे में उनकी गतिविधियों को क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। वहीं, आकाश विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर ‘नमो कोचिंग सेंटर’ शुरू करने की जानकारी दी। यहां IAS और MPPSC परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। आकाश के मुताबिक कौटिल्य एकेडमी के शिक्षकों के माध्यम से 100 बच्चों को कोचिंग दी जाएगी। इस पहल के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और उनके परिवारों तक पहुंच बनाने की कोशिश है। विधानसभा-3 से विधायक रहे, अब पिता की सीट पर सक्रिय आकाश विजयवर्गीय इंदौर की विधानसभा-3 से विधायक रह चुके हैं। इसके बावजूद इन दिनों उनकी सक्रियता विधानसभा-1 में अधिक नजर आ रही है। इस सीट से उनके पिता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधायक हैं। निशुल्क कोचिंग सेंटर की घोषणा भी इसी विधानसभा के बच्चों के लिए की गई है। क्षेत्र के कार्यक्रमों में आकाश की लगातार मौजूदगी को देखते हुए उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। गरबा करने वाली 40 हजार बेटियों को उपहार देंगे आकाश विजयवर्गीय की ओर से नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में भजनों और भक्ति गीतों पर गरबा करने वाली विधानसभा-1 की करीब 40 हजार बेटियों को उपहार बांटने की पहल भी की जा रही है। उपहारों को बालिकाओं तक पहुंचाने का प्रबंधन आकाश संभाल रहे हैं। एक ओर बेटियों तक उपहार पहुंचाने का अभियान है, तो दूसरी ओर युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था। दोनों गतिविधियों के जरिए अलग-अलग आयु वर्गों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। कैलाश की सीट पर अलग-अलग सियासी समीकरण विधानसभा-1 में कैलाश विजयवर्गीय की मजबूत मौजूदगी के बीच सुदर्शन गुप्ता की सक्रियता भी बढ़ रही है। आकाश विजयवर्गीय भी क्षेत्र के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या आकाश को इस सीट से टिकट दिलाने की तैयारी चल रही है। हालांकि, अभी तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। संजय शुक्ला भी भाजपा में शामिल कैलाश विजयवर्गीय ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के संजय शुक्ला को हराया था। शुक्ला 2018 में इसी सीट से विधायक चुने गए थे। चुनाव में हार के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। हालांकि, फिलहाल विधानसभा-1 से उनकी दावेदारी को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में आगामी चुनाव से पहले इस सीट पर भाजपा के भीतर सक्रिय नेताओं और संभावित दावेदारों की गतिविधियों पर नजर रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *