शारदीय नवरात्र की नवमी पर रविवार शाम पडरौना नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दुर्गा पूजा की धूम रही। आकर्षक पंडालों, रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। परिवार के साथ निकले लोगों ने मां दुर्गा के दर्शन किए। कई जगह भंडारे और फलाहार की व्यवस्था रही। हरका में जागरण, झांकियों और पारंपरिक नाच-ड्रामा को देखने के लिए लोग देर रात तक जुटे रहे। मंगलवार को विजयादशमी पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि पूर्वांचल में रविवार और मंगलवार को बेटियों की विदाई नहीं करने की परंपरा के चलते दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार शाम से शुरू होगा। जिलाधिकारी संजय चौहान और एसपी केशव कुमार ने जिले के लोगों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
हरका में जागरण और नाच-ड्रामा देखने जुटे लोग पडरौना विकासखंड के हरका चौराहे पर दो स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए। एक पंडाल में जागरण और झांकियों का आयोजन हुआ, जबकि हरका-गुलेलहा बाजार स्थित दूसरे पंडाल के पास नाच-ड्रामा का मंचन किया गया। पारंपरिक नाच-ड्रामा के आयोजन पहले की तुलना में कम होने के कारण इसे देखने के लिए अधेड़ और बुजुर्गों में खास उत्साह रहा। रवींद्रनगर समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों की भीड़ जुटी। पडरौना के बाजारों और मंदिरों में उमड़ी भीड़ नगर के गायत्री मंदिर, कटकुइयां मोड़ स्थित मुन्ना कॉलोनी, सुभाष चौक, राजेश्वरी मार्केट, धर्मशाला रोड, गुदरी बाजार, राजदरबार, जटहां रोड, तिलक चौक और बेलवा चुंगी समेत कई स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। शाम होते ही इन पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। रामपुर मटिहनिया, बंधी छपरा और छावनी में भी पंडाल सजाए गए। खिरकिया देवी स्थान, पडरौना के दुर्गा मंदिर और शायरी माता स्थान पर श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पालिका कार्यालय के सामने बांटा गया फलाहार महानवमी पर पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया। कई स्थानों पर जागरण, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे और फलाहार की व्यवस्था की गई। पडरौना नगर पालिका कार्यालय के सामने नगर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने हर बार की तरह फलाहार वितरित कराया। वह खुद भी श्रद्धालुओं को फलाहार बांटते नजर आए। पूजा पंडालों के साथ आसपास के बाजारों में भी देर रात तक चहल-पहल बनी रही। 157 पंडालों में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र में 120 और रवींद्रनगर धूस थाना क्षेत्र में 37 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं। प्रमुख पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात तक बाजारों और पूजा स्थलों के आसपास निगरानी जारी रही। एसपी केशव कुमार ने बताया कि जिले में धार्मिक आयोजन उल्लासपूर्ण माहौल में चल रहे हैं। शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमणशील रहीं।

