बरेली के आर्मी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और ‘स्वच्छता अभियान’ के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस प्रेरणादायक अभियान में विद्यालय के 45 एनसीसी कैडेट्स और 2 एएनओ (ANOs) ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। अभियान के दौरान कैडेट्स ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की तथा विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपित किए। उन्होंने “स्वच्छता अपनाएं, पर्यावरण बचाएं” का नारा बुलंद करते हुए एक स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ पर्यावरण बनाए रखने का कड़ा संदेश दिया। इस प्रकार कैडेट्स ने महात्मा गांधी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को धरातल पर उतारने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

