अमृतसर| रणजीत एवेन्यू स्थित आनंद अमृत पार्क में बच्चों के लिए नए झूले लगाए गए हैं, जिनका बच्चे जमकर आनंद उठा रहे हैं। लेकिन विडंबना यह है कि प्रशासन द्वारा पार्क के उचित रखरखाव की अनदेखी की जा रही है। पार्क में चारों तरफ बड़ी-बड़ी घास और जंगली बूटियां उग आई हैं। इस मौसम में सफाई न होने के कारण यहां मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू व अन्य बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। यह स्थिति पार्क में आने वाले बच्चों की सेहत के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द पार्क की सफाई और रखरखाव की मांग की है।

