अलीगढ़ में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:चीनी के दाम बढ़ने पर जताया विरोध, सरकार से इस्तीफे की मांग

अलीगढ़ में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:चीनी के दाम बढ़ने पर जताया विरोध, सरकार से इस्तीफे की मांग

अलीगढ़ में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई कम करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक बंसल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि चीनी के दाम 44 रुपये से बढ़कर करीब 77 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। बंसल ने जोर दिया कि चीनी की जरूरत गरीब मजदूर से लेकर संपन्न परिवार तक सभी को होती है, लेकिन महंगाई का सबसे ज्यादा असर समाज के निचले तबके पर पड़ता है। विवेक बंसल ने आगे कहा कि मजदूर, रिक्शा चालक और दिहाड़ी पर काम करने वाले लोगों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो रहा है। सब्जियों सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवारों के सामने बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ नारे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही है, लेकिन किसान, मजदूर और कर्मचारियों की आमदनी में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं हुई है। सोमवीर सिंह ने किसानों की आय बढ़ाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने की मांग की। सोमवीर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विभाजन की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि यदि किसान परेशान है तो पूरा समाज प्रभावित होता है। कांग्रेस नेता ने सरकार से महंगाई कम करने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार जनता को राहत नहीं दे सकती तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी और सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *