अलवर में 295 स्कूलों में एक भी विद्यार्थी नहीं, 5वीं-8वीं के परीक्षा फॉर्म से खुली पोल

अलवर में 295 स्कूलों में एक भी विद्यार्थी नहीं, 5वीं-8वीं के परीक्षा फॉर्म से खुली पोल

अलवर. शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में स्कूल संचालित हो रहे हैं, लेकिन धरातल पर उनमें विद्यार्थी का नामांकन ही नहीं हैं। कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान यह स्थिति सामने आई है। विभाग के पोर्टल पर स्कूलों का पंजीयन तो है, लेकिन वहां से एक भी विद्यार्थी का परीक्षा फॉर्म नहीं भरा गया। ऐसे में स्कूलों के वास्तविक संचालन और नामांकन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले में कुल 295 ऐसे स्कूल सामने आए हैं, जिनका पोर्टल पर रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन परीक्षा आवेदन के समय उनमें विद्यार्थियों का नामांकन नहीं मिला।

शिक्षा विभाग के पोर्टल पर कक्षा 5वीं के लिए 2688 और कक्षा 8वीं के लिए 2097 स्कूल दर्ज हैं। इनमें से 136 स्कूल ऐसे हैं, जो पोर्टल पर कक्षा 8वीं तक संचालित दर्शाए गए हैं, लेकिन वहां से किसी विद्यार्थी ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा। इसी तरह 159 स्कूल कक्षा 5वीं तक पोर्टल पर दर्ज हैं, लेकिन वहां भी विद्यार्थियों का आवेदन नहीं आया।

अब 77 हजार से ज्यादा आवेदन, 336 विद्यार्थियों की प्रक्रिया अधूरी

जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड के लिए अब तक 77,037 विद्यार्थियों के आवेदन किया है, जबकि 67,519 आवेदन लॉक किए गए हैं। अभी 336 विद्यार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया के आंकड़ों में उमरैण ब्लॉक दोनों कक्षाओं में सबसे आगे है। वहीं, सभी ब्लॉकों में कक्षा 5वीं में उमरैण ब्लॉक 9,080 आवेदनों के साथ सबसे आगे है। रामगढ़ में 6,528 और मालाखेड़ा में 3,465 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। इसी तरह कक्षा 8वीं में भी उमरैण ब्लॉक में सर्वाधिक 9,061 आवेदन शुरू हुए हैं। रामगढ़ में 6,189 और राजगढ़ में 3,529 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं।

कक्षा 5वीं में 277 आवेदन शुरू नहीं

केवल कक्षा 5वीं की बात की जाए तो 10 ब्लॉकों के 2,688 विद्यालय पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इनमें 38,529 विद्यार्थियों के आवेदन उपलब्ध हैं। इनमें से 38,252 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। 38,072 आवेदन पूर्ण हो चुके हैं और 33,006 आवेदन लॉक किए गए हैं। अभी 277 विद्यार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

इसी तरह कक्षा 8वीं के लिए 2,097 विद्यालय पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इनमें 39,170 विद्यार्थियों के आवेदन उपलब्ध हैं। इनमें से 39,111 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। 38,965 आवेदन पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 34,513 आवेदन लॉक किए गए हैं। अभी 59 विद्यार्थियों के आवेदन शुरू होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *