अयोध्या के ऋषभदेव नेत्र चिकित्सालय की चिकित्साधिकारी डॉ. जयति पांडेय का शव रविवार को आवास पर फंदे पर लटका मिला। मां का फोन नहीं उठने पर पड़ोसियों ने आवास पर जाकर देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। रांची की रहने वाली थीं, लखनऊ में रहता है परिवार प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डॉ. जयति पांडेय मूल रूप से रांची की रहने वाली थीं। उनका परिवार लखनऊ में रहता है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय से बीमारी से परेशान थीं। इसी वजह से घटना की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

