अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 11 साल के बच्चे सागर बघेल (11), की मौत हो गई। जिसके बाद शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। लांघाटोला गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मवेशी लेकर लौट रहा था बच्चा सागर गुरुवार शाम राजेंद्रग्राम से लांघाटोला गांव की ओर अपने मवेशी लेकर जा रहा था। तभी राजेंद्रग्राम की तरफ से आ रहे एक मालवाहक वाहन (MP 65 ZC 6591) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सिर से ज्यादा खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुचंने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों को दी। परिजन तुरंत उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को सुरक्षित मर्चुरी में रखवाया, जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन बच्चे को अस्पताल ले गए थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरकड़े ने बताया कि मृतक बच्चे का नाम सागर बघेल (11) है, वह लांघाटोला का रहने वाला था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन किशोर को अस्पताल ले जा चुके थे। शुक्रवार सुबह से लगातार जांच के बाद संबंधित वाहन की पहचान कर ली गई है। चालक घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

