सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए विवादित एवं आपत्तिजनक बैनरों को लेकर पार्टी नेताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भूड़बराल, परतापुर समेत अन्य स्थानों पर लगे बैनरों की तत्काल जांच कराने, उन्हें हटवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में लगाए गए सभी विवादित बैनरों की जांच कराई जाए। बिना अनुमति या नियमों के विपरीत लगाए गए बैनरों को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही इन्हें लगाने वाले व्यक्ति या संगठन की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सपा नेताओं ने बैनर पोल और होर्डिंग की वैधता की भी जांच कराने की मांग की। कहा कि यदि इनके लिए अनुमति ली गई है तो नगर निगम में निर्धारित शुल्क जमा हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। बोले- माहौल बिगाड़ने की कोशिश सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष शशिकांत गौतम ने आरोप लगाया कि विवादित बैनरों के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनुज भड़ाना ने कहा कि प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बैनर लगाने की अनुमति किसने दी और होर्डिंग के लिए निर्धारित शुल्क जमा किया गया या नहीं। आकाश भड़ाना ने कहा कि बैनरों के जरिए जनभावनाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बिना राजनीतिक दबाव के जांच कर अवैध बैनर हटाने की मांग की।

