करौली जिले में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। दो दिन से लापता युवक का शव अंजनी माता मंदिर के जंगल क्षेत्र में मिला।
इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल के बाहर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतक लखन मीणा (38) पुत्र तुलसीराम मीणा निवासी पाटौरन पूठन, ठेकेदारी और ड्राइवर का काम करता था। परिजनों के अनुसार 2 मई की शाम गांव के कुछ युवक उसे शराब पार्टी के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और रविवार को उसका शव जंगल में मिला। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। बेटे ने किया मर्डर केस
लखन के बेटे राजकुमार ने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर एएसपी गुमानाराम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अस्पताल के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराने तथा शव नहीं लेने की बात कहकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अस्पताल गेट और सड़क पर जाम लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ। एएसपी गुमानाराम ने प्रदर्शनकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एएसपी ने बताया कि मामले में हत्या की FIR दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


