नीमच जिले के ग्राम उचेड़ में चार दिन पहले जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। युवक ने अस्पताल में चार दिनों तक चले इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उचेड़ निवासी मदनलाल (28) पिता गंगाराम बंजारा ने मंगलवार को अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना का पता चला। वे उसे तुरंत मनासा सरकारी अस्पताला ले गए। मनासा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बावजूद मदनलाल की हालत में सुधार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया था।
जिला अस्पताल में पिछले चार दिनों से मदनलाल का सघन उपचार चल रहा था, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने मौत की सूचना पर मर्ग दर्ज किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मनासा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही जहर खाने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।


