सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल परिसर में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शनिवार रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड अजय सिंह की किसी बात को लेकर एक युवक से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने गुस्से में आकर डंडे से हमला कर दिया।
हमले में होमगार्ड अजय सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल होमगार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक की पहचान सुबोध के रूप में हुई है, जो डीपीआरओ कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुबोध को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। वहीं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायल होमगार्ड का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


