पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा 16 अप्रैल को एनसी मेडिकल कॉलेज के पास हुआ, जब रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घायल युवक के बयान के बाद 30 अप्रैल को ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, इसराना निवासी दीपक पुत्र सतवीर 16 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर पानीपत से इसराना की ओर आ रहा था। इसी दौरान, कारद निवासी देवेंद्र अपनी गेहूं की ट्राली लेकर रॉन्ग साइड से मंडी की तरफ आ रहा था। एनसी मेडिकल कॉलेज के पास ट्रैक्टर ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ड्राइवर ने ही कराया अस्पताल में भर्ती इस हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर ड्राइवर देवेंद्र ने ही घायल दीपक को उठाकर एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालांकि, चोटें गंभीर होने के कारण उसे पानीपत के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के समय दीपक होश में नहीं था और बयान देने की स्थिति में नहीं था, जिस कारण पुलिस को तुरंत सूचना नहीं दी जा सकी। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन बयान नहीं ले पाई। 30 अप्रैल को होश में आने के बाद दीपक ने पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया, जिसके आधार पर देवेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


