देवास में एक ई-रिक्शा की टक्कर से 5 वर्षीय बच्ची चेष्टा शर्मा की मौत हो गई। परिजन बच्ची के शव को लेकर करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर राजस्थान पहुंचे, जहां शुक्रवार सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया। यह घटना गुरुवार दोपहर को गंगा पार्क क्षेत्र में हुई। घर के सामने खड़ी चेष्टा को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उसे इंदौर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम सात बजे जिला अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद परिजन मासूम का शव लेकर दो कारों से रवाना हुए। करीब 10 घंटे तक चले इस सफर में परिवार के सदस्य चेष्टा को गोद में लेकर बैठे रहे। चेष्टा को उसके पैतृक गांव राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के थला में अंतिम विदाई दी गई। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे गांव पहुंचते ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। चेष्टा के मामा सतीश शर्मा ने बताया कि वे जिला अस्पताल से सीधे गांव के लिए निकले थे। पूरे रास्ते बच्ची का शव परिवार के सदस्यों की गोद में ही रहा। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि टक्कर मारने वाले ई-रिक्शा को ट्रेस कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


