दो बाइकों की टक्कर, युवक की पुल से गिरकर मौत:शाहजहांपुर में हादसे में चचेरा भाई घायल, ससुराल जाते समय हादसा

दो बाइकों की टक्कर, युवक की पुल से गिरकर मौत:शाहजहांपुर में हादसे में चचेरा भाई घायल, ससुराल जाते समय हादसा

शाहजहांपुर के कोला पुल पर मंगलवार दोपहर दो बाइकों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर पीछे बैठा युवक पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका चचेरा भाई घायल हो गया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। यह घटना थाना मिर्जापुर क्षेत्र के कोला पुल पर दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुई। मिर्जापुर क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा ज्ञान गांव का रहने वाला राजकुमार अपने ताऊ के बेटे प्रमोद के साथ बाइक से जलालाबाद स्थित चंदोखा गांव अपनी ससुराल जा रहा था। पुल पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे राजकुमार उछलकर पुल से नीचे जा गिरे। जिस स्थान पर वह गिरे, वहां नदी का पानी नहीं था, बल्कि सूखी जमीन थी। जमीन पर गिरते ही राजकुमार की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक का सवार व्यक्ति अपनी बाइक लेकर फरार हो गया। राजकुमार के साथ बाइक चला रहा प्रमोद घायल हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस घायल प्रमोद से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मिर्जापुर थाना प्रभारी ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर हुई है, जिसमें एक बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति उछलकर पुल के नीचे गिरा और उसकी मौत हो गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *