उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के बदली खेड़ा गांव में रविवार को एक 40 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। ओम प्रकाश नामक युवक अपने घर पर काम करते समय विद्युत की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की औपचारिक पुष्टि हो सकेगी। 3 तस्वीरें देखिए- जानकारी के अनुसार, बदली खेड़ा निवासी ओम प्रकाश (40) रविवार को अपने घर पर कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ओम प्रकाश को मेहनती और मिलनसार व्यक्ति बताया। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचे, जहां सभी स्तब्ध नजर आए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है।


