मिट्टी खनन का विरोध करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या:मिर्जापुर में जेसीबी रोकने पर चले लात-घूंसे, अस्पताल में तोड़ा दम

मिट्टी खनन का विरोध करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या:मिर्जापुर में जेसीबी रोकने पर चले लात-घूंसे, अस्पताल में तोड़ा दम

मिर्ज़ापुर के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव गांव में मिट्टी खुदाई रोकने पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पीएचसी सर्रोंई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दिनेश चौबे के रूप में हुई है। उसकी मां मालती देवी ने बताया कि उनके परिवार के कुछ लोग उनकी भूमिधरी जमीन से जेसीबी मशीन से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे थे। जब दिनेश ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उस पर हमला कर दिया गया। दिनेश को रात करीब 1 बजे पीएचसी सर्रोंई में भर्ती कराया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जिगना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिल गई है। शुक्रवार की भोर में पुलिस क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *