IPL 2026: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली। वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंद में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी का ध्यान खींचा। वहीं अंबाती रायडू ने यशस्वी जायसवाल को नई टीम में जाकर अपनी अलग पहचान बनाने की सलाह दी है।
Will Yashasvi Jaiswal Leave Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में के बाद यशस्वी जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ने की सलाह मिली है। गुरुवार को राजस्थान की टीम ने मुल्लांपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 रन से जीत हासिल कर क्वालीफायर-2 के लिए अपना टिकट कंफर्म कर लिया। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंद में 12 छक्के और पांच चौकों की मदद से 97 रन की पारी खेली। इस दौरान वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दिलाने के लिए काफी थी।
जायसवाल ने 29 गेंदों में बनाए 29 रन
राजस्थान रॉयल्स के दूसरे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी 29 गेंद का सामना किया और सिर्फ 29 रन ही बना सके, जबकि ध्रुव जुरेल ने 21 गेंद में 50 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान रियान पराग ने 12 गेंद में 26 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 243 रन बनाए और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20वें ओवर में ही 196 रन पर ऑल आउट हो गई। ज्यादातर बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 200 के आसपास का रहा।
इस जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी की पारी को लेकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है और हर जगह उनकी चर्चा हो रही है। वहीं दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल को लेकर भी भारतीय पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को सलाह दी है कि वह सूर्यवंशी की परछाई से निकलें और कहीं और जाकर अपनी अलग पहचान बनाएं। उनका मानना है कि सूर्यवंशी की वजह से यशस्वी जायसवाल उनकी परछाई बन चुके हैं।
सूर्यवंशी बन गए RR के नए स्टार
आपको बता दें कि संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद से ऐसा लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स के नए बड़े स्टार यशस्वी जायसवाल होंगे, लेकिन सूर्यवंशी ने पूरी कहानी बदल दी और वह सिर्फ राजस्थान रॉयल्स के ही नहीं बल्कि आईपीएल के सबसे बड़े स्टार खिलाड़ी बन चुके हैं। ऐसे में अंबाती रायडू ने यशस्वी जायसवाल को न सिर्फ उनके खेल में बदलाव करने की सलाह दी है, बल्कि यह भी कहा है कि वह खुद एक बड़े खिलाड़ी हैं और अगर वह किसी दूसरी टीम में जाते हैं तो अकेले दम पर टीम को जीत दिला सकते हैं।
मुंबई इंडियंस जाने की दी सलाह
रायडू ने जायसवाल के लिए कहा कि उनके करियर के लिए सबसे बेहतरीन फैसला यह होगा कि वह उस शहर के लिए क्रिकेट खेलें जहां उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में पहली बार पहचान बनाई थी। जायसवाल के लिए मुंबई इंडियंस एक बेहतरीन टीम साबित हो सकती है। आपको बता दें कि हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने की चर्चाओं के बीच अब यह चर्चा भी होने लगी है कि यशस्वी जायसवाल मुंबई इंडियंस की टीम ज्वाइन कर सकते हैं।
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स फाइनल का टिकट हासिल करने की राह में आज गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुल्लांपुर स्टेडियम में उतरेगी। आपको बता दें कि इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी। राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में आखिरी खिताब जीता था। उसके बाद वह 2022 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन तब गुजरात टाइटंस ने उन्हें हरा दिया था।
Sports – Patrika | CMS




Pat Cummins



Relive his fiery dismissal

