रावण vs जटायु के महा-युद्ध पर यश ने तोड़ी चुप्पी, रिलीज से पहले लीक हुई ‘रामायण’ की इनसाइड डिटेल

रावण vs जटायु के महा-युद्ध पर यश ने तोड़ी चुप्पी, रिलीज से पहले लीक हुई ‘रामायण’ की इनसाइड डिटेल

Yash on Ravana Jatayu scene: नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म ‘रामायण‘ का पहला टीजर आते ही पूरे देश में उत्साह की लहर दौड़ गई है। रावण के रोल में साउथ के रॉकिंग स्टार यश को देखकर फैंस पहले से ही एक्साइटेड हैं, लेकिन अब यश ने खुद फिल्म के एक ऐसे सीन पर खुलासा किया है जो दर्शकों को पर्दे से बांधे रखने वाला है, वो है रावण और पौराणिक पक्षी जटायु के बीच का महायुद्ध, जो खौफनाक होने वाला है।

फिल्म का सबसे दमदार और खौफनाक दृश्य ये होगा

इस वीडियो में जब यश से फिल्म के यादगार सीन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना कुछ सोचे समझे और देर किए जटायु के साथ रावण के युद्ध का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जटायु पक्षियों का राजा है एक विशालकाय और शक्तिशाली पक्षी। रावण और जटायु के बीच होने वाला एक्शन सीन इस फिल्म का सबसे दमदार और खौफनाक दृश्य होगा। साथ ही, यश ने ये भी बताया कि ये सीन विजुअल इफेक्ट्स की मदद से बनाया गया है और जो बनकर तैयार हुआ है वो सच में जबरदस्त है।

इतना ही नहीं, रामायण में ये युद्ध सीता हरण के समय होता है। जब रावण मां सीता का हरण करके आकाश मार्ग से लंका की ओर जा रहा था, तब जटायु ने उन्हें रोकने की कोशिश की। सीता को बचाने के लिए जटायु ने रावण से भीषण युद्ध किया, लेकिन रावण ने अपनी तलवार से जटायु के पंख काट दिए और वो धरती पर बेसहारा होकर गिर पड़े थे। इसके बाद जटायु ने ही भगवान राम को सीता हरण की जानकारी दी और प्रभु राम की गोद में उन्होंने अपने प्राण त्यागे। ये प्रसंग रामायण के सबसे इमोशनल और वीरतापूर्ण पलों में से एक है।

रावण इतना शक्तिशाली कैसे बना

इसके अलावा, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने साफ कर दिया है कि ‘रामायण’ के पहले पार्ट में केवल श्रीराम की ही नहीं, बल्कि रावण की कहानी भी समांतर रूप से दिखाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य कथा शुरू होने से पहले फिल्म में ये दिखाया जाएगा कि रावण इतना शक्तिशाली कैसे बना। दर्शक देखेंगे कि कैसे रावण ने अपनी ताकत के दम पर लंका पर कब्जा किया और अपने सौतेले भाई कुबेर को वहां से बेदखल कर दिया। नमित ने कहा, “रावण शुरू से ही ये संकेत दे रहा था कि वो अपनी शक्ति के सामने आने वाली हर चुनौती को कुचल देगा। फिल्म में उसकी इसी बादशाहत के उदय को दिखाया जाने वाला है।”

बता दें, ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली पर थिएटरों में दस्तक देगी जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 पर रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *