मुंबई में मेट्रो लाइन-6 का काम बढ़ाएगा लोकल यात्रियों की मुसीबत, 25-26 अप्रैल को वेस्टर्न रेलवे पर नाइट ब्लॉक

मुंबई में मेट्रो लाइन-6 का काम बढ़ाएगा लोकल यात्रियों की मुसीबत, 25-26 अप्रैल को वेस्टर्न रेलवे पर नाइट ब्लॉक

Western Railway Night Block: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह वीकेंड मुश्किलों भरा हो सकता है। रेलवे ने मेट्रो लाइन-6 के गर्डर लॉन्च करने और सुरक्षा से जुड़े मेंटेनेंस कार्यों के लिए वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे पर मेगा ब्लॉक और नाइट ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इसके चलते कई ट्रेनें रद्द की गई हैं और कई का समय बदला गया है।

मेट्रो लाइन-6 के काम के लिए नाइट ब्लॉक

वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक, 25 और 26 अप्रैल की दरमियानी रात को राम मंदिर और जोगेश्वरी स्टेशनों के बीच रात 10:15 बजे से सुबह 8:15 बजे तक भारी ब्लॉक रहेगा। यहां मेट्रो लाइन-6 के लिए स्टील गर्डर लॉन्च किए जाने हैं। इसके अलावा, दहिसर में फुट ओवरब्रिज के काम के कारण भी रात 2:05 से सुबह 4:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

इस ब्लॉक का सबसे ज्यादा असर देर रात और सुबह की ट्रेनों पर पड़ेगा

  • 25 अप्रैल को रात 1:00 बजे वाली चर्चगेट-विरार आखिरी लोकल रद्द रहेगी।
  • 26 अप्रैल को विरार से सुबह 3:40 बजे चलने वाली पहली ट्रेन केवल गोरेगांव तक ही जाएगी।
  • सूरत और विरार के बीच चलने वाली लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें 20 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से चलेंगी।

रविवार को हार्बर लाइन पर थमेगी रफ्तार

सेंट्रल रेलवे रविवार 26 अप्रैल को हार्बर लाइन पर मेंटेनेंस के लिए ब्लॉक लेगा। सुबह 11:00 बजे से शाम 4:45 बजे तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस CSMT से बांद्रा और चूनाभट्टी के बीच ट्रेनें नहीं चलेंगी।

इस दौरान वाशी, बेलापुर और पनवेल की ओर जाने वाली सभी ‘डाउन’ सेवाएं और वहां से आने वाली ‘अप’ सेवाएं पूरी तरह निलंबित रहेंगी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए पनवेल और कुर्ला के बीच हर 20 मिनट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

मेन लाइन के यात्रियों को राहत

एक ओर जहां वेस्टर्न और हार्बर लाइन के यात्री परेशान होंगे, वहीं मध्य रेलवे ने साफ किया है कि सीएसएमटी से कल्याण के बीच मेन लाइन पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं होगा। यात्री सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच वैकल्पिक मार्ग के तौर पर मेन लाइन या वेस्टर्न रेलवे की चालू लाइनों का उपयोग कर सकते हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक ऐप या स्टेशन पर लगे नोटिस बोर्ड को देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *