महिलाओं के लिए एक नए और खास सोशल प्लेटफॉर्म “जयपुर ब्लिंग” की शुरुआत के साथ जयपुर की सोशल और लाइफस्टाइल दुनिया में नई ऊर्जा देखने को मिली। एफबीएस ब्लिंग के एक्सक्लूसिव लॉन्च इवेंट ने दोस्ती, आत्मिक जुड़ाव, सकारात्मक ऊर्जा और उत्सव का अनोखा अनुभव पेश किया। शहर की चुनिंदा महिलाओं को जोड़ने वाले इस विशेष ग्रुप ने अपने पहले ही आयोजन से यह संदेश दिया कि आधुनिक दौर में सोशल गैदरिंग केवल मिलने-जुलने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब लोग अर्थपूर्ण अनुभवों और भावनात्मक जुड़ाव को भी महत्व देने लगे हैं। ग्रुप की फाउंडर मेघा गुप्ता ने बताया कि आयोजन की सबसे खास आकर्षण रहा जयपुर में पहली बार आयोजित किया गया ड्रम सर्कल, जहां सभी महिलाओं ने प्रोफेशनल पर्कशनिस्ट दिव्यम के साथ मिलकर ड्रम बजाए और संगीत की धुनों के साथ अपनी ऊर्जा और भावनाओं को खुलकर महसूस किया। उन्होंने बताया कि यह केवल एक म्यूजिकल एक्टिविटी नहीं थी, बल्कि एक ऐसा अनुभव था जिसने सभी प्रतिभागियों को भीतर से जोड़ने का काम किया। संगीत की ताल पर महिलाओं ने तनाव से बाहर निकलकर खुद को खुलकर अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में शामिल वैशाली मोदी और मुनमुन पोद्दार ने कहा कि ड्रम सर्कल के दौरान हर महिला ने अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया। किसी के लिए यह आत्मिक सुकून का अनुभव था तो किसी के लिए हीलिंग और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम। वहीं कई महिलाओं ने दोस्तों के साथ बेफिक्र होकर बिताए गए पलों को खास बताया। इस मौके पर रश्मि कोटवाला, प्राची खंडेलवाल, अक्षिता गर्ग, अनी सिंघी सहित अन्य अतिथियों ने भी आयोजन में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक माहौल, हंसी-खुशी और आपसी जुड़ाव की खूबसूरत झलक देखने को मिली। ड्रम सर्कल के बाद एमआई रोड स्थित अमानो में मेहमानों के लिए विशेष फूड सेशन का आयोजन किया गया। स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ बातचीत और नई दोस्तियों का सिलसिला आगे बढ़ा। इसके बाद संगीत, डांस और मनोरंजन से सजी शाम ने आयोजन को और यादगार बना दिया। आयोजकों के अनुसार जयपुर ब्लिंग केवल एक सोशल ग्रुप नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए ऐसा मंच है जहां वे अपनी पहचान, दोस्ती, खुशी और आत्मिक जुड़ाव को खुलकर जी सकें।


