महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को जालोर जिला मुख्यालय कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं के साथ छलावा कर रही है। महिलाओं को गुमराह किया जा रहा जालोर कांग्रेस की महिला अध्यक्ष संतोष कंवर ने कहा कि परिसीमन की आड़ में महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार महिलाओं को झांसा देने के बजाय इस आरक्षण को बिना किसी देरी के तुरंत धरातल पर लागू करें। महिला अध्यक्ष ने आरक्षण के वर्गीकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के दायरे में शामिल करने की बात कही जा रही है, लेकिन इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं को नजर अंदाज किया गया है। कांग्रेस की मांग है कि आरक्षण का लाभ ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी अनिवार्य रूप से मिलना चाहिए। हस्ताक्षर अभियान चलाकर जताया विरोध कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। इस विरोध प्रदर्शन और अभियान में गीता श्री, जुबैदा बानू सहित कांग्रेस की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


