फतेहपुर में पीड़िता रचना श्रीवास्तव ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी भाभी ज्योति देवी और उसके प्रेमी विपिन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रचना ने अपने भाई दीपक, उसके दो बच्चों और माता-पिता के लिए सुरक्षा की मांग की है। रचना ने बताया कि उनका भाई दीपक श्रीवास्तव फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में खेती का काम देखता था। इसी दौरान उनकी भाभी का पखरौली गांव निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। प्रेम प्रसंग में भाभी इतनी फंस गई कि 21 अप्रैल को उसने अपने प्रेमी के बहकावे में आकर भाई दीपक पर पेट्रोल डालकर जान से मारने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद रचना ने अपने भाई को बचाया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्योति देवी और उसके प्रेमी यदुवेंद्र उर्फ विपिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था। लगभग एक महीने बाद जमानत पर रिहा होने के बाद ज्योति देवी, उसके प्रेमी और उनके साथी अब दीपक के परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वे दोनों बच्चों को वापस करने का दबाव भी बना रहे हैं। हालांकि, दोनों मासूम बच्चे अपनी मां की हरकतों से भयभीत हैं और अपनी बुआ रचना तथा पिता दीपक के साथ ही रहना चाहते हैं। पीड़िता रचना श्रीवास्तव ने पुलिस से अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


