काकोरी में मिली महिला की हेड इंजरी से मौत:रेप की आशंका के चलते बनाई स्लाइड, 6 दिन बाद भी नहीं हो सकी पहचान

काकोरी में मिली महिला की हेड इंजरी से मौत:रेप की आशंका के चलते बनाई स्लाइड, 6 दिन बाद भी नहीं हो सकी पहचान

काकोरी इलाके में सड़क किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में महिला के सिर पर आगे और पीछे दो गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर करीब 15 चोटें पाई गई हैं। डॉक्टरों ने मौत की वजह सिर में आई गंभीर चोट (हेड इंजरी) बताई है। रेप की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने स्लाइड तैयार कर जांच के लिए भेज दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। काकोरी के मदारपुर गांव के बाहर गुरुवार सुबह सड़क किनारे खेत में करीब 35 साल की अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिला था। शव की हालत देख रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। इंस्पेक्टर सतीश राठौर के मुताबिक महिला के सिर पर किसी डंडे या भारी वस्तु से वार किया गया है। शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं, जो किसी हिंसक वारदात की ओर इशारा करते हैं। पुलिस अब तक महिला की शिनाख्त नहीं कर सकी है। पहचान के लिए शहर और आसपास के जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर फोटो चस्पा कराई गई है। साथ ही आगरा एक्सप्रेसवे समेत अन्य प्रमुख राजमार्गों के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और महिला के कपड़ों से ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *