सीतापुर में बोलेरो की टक्कर से महिला की मौत:सड़क पार करते समय हुआ हादसा, चालक फरार

सीतापुर में बोलेरो की टक्कर से महिला की मौत:सड़क पार करते समय हुआ हादसा, चालक फरार

सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश को लेकर मामले की जांच में जुट गई है। थाना क्षेत्र के केसरीगंज स्थित रमना फार्म के पास 50 वर्षीय पार्वती पत्नी रामकुमार बाजार से पैदल अपने घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार चालक को पकड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *