संभल में जेठ की पिटाई से अपमानित महसूस करने वाली एक महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला ने जंगल में पेड़ से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यह घटना संभल जिले के चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर खुर्द गांव की है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय सर्विस पत्नी राकेश के रूप में हुई है। वह अपने पीछे 13 वर्षीय बेटी पिंकी, 8 वर्षीय बेटा टिंकू और 6 वर्षीय बेटा बड़ा छोड़ गई है। मृतका के पति राकेश और जेठ दुर्गेश के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव में कई दिनों से बंटवारे को लेकर पंचायत भी चल रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जेठ दुर्गेश और राजपाल पुत्र पान सिंह ने कथित तौर पर शराब के नशे में महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसकी पिटाई कर दी। इस घटना से अपमानित महसूस कर महिला अंधेरा होते ही जंगल की ओर चली गई। उसने गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में पेड़ से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष के लोगों से सूचना मिलने के बाद बहजोई थाना पुलिस रात करीब 8:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। रात 9 बजे के लगभग महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी रात करीब 10:30 बजे तक घटनास्थल की गहन जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई है और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद और महिला की पिटाई का मामला संज्ञान में आया है।


