एटा में एक महिला ने अपने रिश्तेदार पर सोने के जेवर वापस न करने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने पीड़िता को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव निजामपुर, पोस्ट वसुंधरा निवासी ममता देवी पत्नी स्व. सतेन्द्र सिंह ने एसएसपी एटा को एक प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पति के संबंधी सतेन्द्र पुत्र खजानची लाल, निवासी नगला गलुआ, थाना अवागढ़ से उनके पारिवारिक संबंध थे। ममता देवी का आरोप है कि एक शादी समारोह में जाने के दौरान सतेन्द्र ने सोने के जेवरों की आवश्यकता बताई थी। अच्छे संबंधों के चलते ममता देवी ने उन्हें अपने दो जोड़ी झाले और दो अंगूठियां दे दी थीं। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने अपने जेवर वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने जेवर लौटाने से साफ इनकार कर दिया। ममता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी गाली-गलौज करता है और झगड़े पर उतारू हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले पुलिस चौकी वसुंधरा में भी की गई थी, लेकिन आरोपी ने जेवरात वापस नहीं किए। पीड़िता ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और थाना अवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। उन्होंने अपने जेवर वापस दिलाने के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।


