पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की साजिश, शराब पार्टी के दौरान पति की हत्या कर कचरे में फेंका शव

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की साजिश, शराब पार्टी के दौरान पति की हत्या कर कचरे में फेंका शव

देशभर में अवैध संबंधों के चलते कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसी तरह का एक मामला अब बेंगलुरु (Bengaluru) में सामने आया है। एक दिल दहला देने वाली हत्या के मामले से हड़कंप मच गया है। अवैध संबंध के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। पीड़ित अभिजीत पंडित शहर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और अपनी पत्नी अर्चना के साथ रहता था। अर्चना भी एक निजी कॉलेज में महिला सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। यहीं पर उसकी मुलाकात परसुल पाल नाम के शख्स से हुई थी और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया।

पति के पीछे से बॉयफ्रेंड को घर बुलाती थी अर्चना

अभिजीत जब नाइट ड्यूटी पर होता था तब अर्चना अपने प्रेमी परसुल को घर बुलाती थी। इसी दौरान दोनों ने मिलकर अभिजीत की हत्या की साजिश रची।

शराब पार्टी के जाल में फंसाया

अपने पति अभिजीत को रास्ते से हटाने के लिए अर्चना ने परसुल के साथ मिलकर उसे एक सुनसान जगह पर शराब पार्टी के लिए बुलाया। दोनों ने अभिजीत को जमकर शराब पिलाई, जिससे उसे नशा चढ़ गया।

सिर पर रॉड मारकर की हत्या

अभिजीत को जब काफी नशा चढ़ गया, तब अर्चना और परसुल ने मिलकर उसके सिर पर रॉड से जोरदार प्रहार कर दिया। रॉड की चोट इतनी गंभीर थी, कि अभिजीत की मौत हो गई।

शव को कचरे में फेंका

अभिजीत की हत्या करके अर्चना और परसुल ने उसके शव को पैक कर मोटरसाइकिल पर लादा। इसके बाद दोनों ने उसे लिंगनहल्ली झील के किनारे कचरे में फेंक दिया और फरार हो गए।

कैसा खुला राज़?

पुलिस को गुमराह करने के लिए अर्चना ने अभिजीत की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका पति काम पर गया था और वापस नहीं लौटा और पुलिस से बार-बार उसे ढूंढने की अपील की। पूछताछ के दौरान पुलिस को अर्चना पर शक हो गया। ऐसे में उसके कॉल रिकॉर्ड को चेक करने पर पता चला कि वह अपने प्रेमी से लगातार संपर्क में थी। ऐसे में पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की और उन्हें परसुल के बारे में पता चला। पुलिस की पूछताछ में परसुल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन दोनों को और एक अन्य आरोपी शुभंकर को गिरफ्तार कर लिया। वहीँ अभिजीत का शव पांच दिन बाद मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *