कौन है दुनिया की सबसे लग्जरी कार मर्सिडीज का मालिक, एक लड़की के नाम पर कैसे पड़ा कंपनी का नाम!

कौन है दुनिया की सबसे लग्जरी कार मर्सिडीज का मालिक, एक लड़की के नाम पर कैसे पड़ा कंपनी का नाम!

Mercedes Benz History: मर्सिडीज बेंज दुनिया की सबसे फेमस और लग्जरी कार कंपनियों में से एक है। सड़क पर मर्सिडीज की शानदार कारों को देखकर हर किसी का मन इसे चलाने का करता है। जी-वैगन से लेकर ई-क्लास तक मर्सिडीज सफलता और लग्जरी की पहचान बन चुकी है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि, इतनी बड़ी और शानदार कार कंपनी का असली मालिक कौन है? आइए मर्सिडीज के इतिहास और इसके मालिक के बारे में विस्तार से जानते हैं।

First car in the world
Mercedes Benz Story (Image- Freepik)

कौन थे मर्सिडीज बेंज के संस्थापक?

मर्सिडीज बेंज का इतिहास जर्मनी के दो महान इंजीनियरों से शुरू होता है जो, असल में कभी एक-दूसरे से मिले ही नहीं थे। कार्ल बेंज और गोटलीब डेमलर दोनों ने गैसोलीन से चलने वाले पहले ऑटोमोबाइल इंजन का आविष्कार करने का दावा किया था। साल 1886 में कार्ल बेंज ने मैनहेम में बेंज पेटेंट मोटरवेगन पेश की थी जिसे, दुनिया की पहली कार माना जाता है। लगभग उसी समय गोटलीब डेमलर और विल्हेम मेबैक स्टटगार्ट में एक पेट्रोल इंजन पर काम कर रहे थे।

दशकों तक इन दोनों ने अलग-अलग अपना बिजनेस चलाया। लेकिन फर्स्ट वर्ल्ड वॉर के बाद आर्थिक दबाव काफी बढ़ गया। इसके चलते साल 1926 में दुनिया की ये दो सबसे पुरानी ऑटोमोबाइल कंपनियां डेमलर मोटरेन गेसेलशाफ्ट और बेंज एंड सी एक साथ आ गईं। इन दोनों के विलय से डेमलर-बेंज AG नाम की नई कंपनी बनी।

कंपनी का नाम मर्सिडीज कैसे पड़ा

इसके नाम के पीछे एक बहुत ही रोचक कहानी है। मर्सिडीज नाम असल में एक लड़की के नाम से लिया गया है। साल 1902 में एमिल जेलिनेक नाम के एक बिजनेसमैन ने जिन्हें आधुनिक लग्जरी कार का पिता भी कहा जाता है, कार्ल बेंज के साथ मिलकर कार का एक रेसिंग मॉडल तैयार किया। इसके बाद एमिल जेलिनेक ने साल 1899 में फ्रांस के नीस शहर में एक रेस में हिस्सा लिया और अपनी कार का नाम अपनी बेटी मर्सिडीज के नाम पर रखा। स्पेनिश भाषा में मर्सिडीज का मतलब दया (मर्सी) होता है। जेलिनेक वह रेस जीत गए और मर्सिडीज कार का क्रेज ऐसा बना की हर कोई ये कार खरीदना चाहता था।

साल 1901 में कंपनी ने मर्सिडीज नाम को ट्रेडमार्क कर लिया और जेलिनेक ने इन कारों को रॉकफेलर और मॉर्गन जैसे दुनिया के सबसे अमीर परिवारों को बेचना शुरू कर दिया। इस तरह मर्सिडीज बेंज नाम बना जिसमें, मर्सिडीज जेलिनेक की बेटी का नाम है और बेंज कार्ल बेंज का सम्मान है।

कौन है मर्सिडीज बेंज का मालिक?

यह सबसे दिलचस्प बात है कि, मर्सिडीज बेंज का कोई एक मालिक या एक परिवार नहीं है। मर्सिडीज बेंज ग्रुप AG एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी है जो फ्रैंकफर्ट स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड है। यह बिल्कुल वैसे ही है जैसे भारत में लोग रिलायंस या इंफोसिस के शेयर खरीदते हैं। दुनिया का कोई भी व्यक्ति इसके शेयर खरीदकर कंपनी का हिस्सेदार बन सकता है। आसान भाषा में कहें तो, मर्सिडीज बेंज का मालिकाना हक बड़ी निवेश कंपनियों, बैंकों और दुनिया भर के लाखों शेयरहोल्डर्स के पास है। कोई एक इंसान इसके सभी फैसले नहीं लेता है।

वर्तमान में मर्सिडीज के CEO कौन हैं

साल 2019 से ओला कैलेनियस मर्सिडीज बेंज के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं। आज वही कंपनी के भविष्य को दिशा दे रहे हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों के बाजार में मर्सिडीज को आगे ले जाने की बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *