नर्मदापुरम में 2433 क्विंटल कचरे वाला गेहूं रिजेक्ट:जांच के घेरे में खरीदी केंद्र; केंद्रों पर भी लंबी कतारें और अव्यवस्थाएं मिलीं

नर्मदापुरम में 2433 क्विंटल कचरे वाला गेहूं रिजेक्ट:जांच के घेरे में खरीदी केंद्र; केंद्रों पर भी लंबी कतारें और अव्यवस्थाएं मिलीं

नर्मदापुरम जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। राधा स्व सहायता महिला समूह द्वारा संचालित खरीदी केंद्र पर कचरे और अमानक गेहूं की खरीदी का मामला पकड़ में आया है। जिला उपार्जन समिति की जांच में 4867 बोरियों में भरा करीब 2433 क्विंटल गेहूं रिजेक्ट कर दिया गया। इसके बाद केंद्र पर अब तक खरीदे गए 15372 क्विंटल गेहूं की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार एचएसबी वेयरहाउस चांदला में गेहूं खरीदी की जिम्मेदारी राधा स्व सहायता महिला समूह को दी गई थी। आरोप है कि केंद्र प्रभारी और कर्मचारियों ने अमानक एवं कचरे वाला गेहूं खरीद लिया। इतना ही नहीं, उसे बोरियों में पैक कर स्टैकिंग भी करवा दी गई, ताकि जल्द भुगतान कराया जा सके। शनिवार को जिला आपूर्ति अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर नीता कोरी, डीएम नॉन सुरेश सनखेरे, वेयरहाउस कॉर्पोरेशन डीएम वासुदेव डवडे और गुणवत्ता सुपरवाइजर ने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जांच में 4867 बोरियों का पूरा स्टैक रिजेक्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि रिजेक्ट गेहूं को साफ कर दोबारा व्यवस्थित रखा जाए। केंद्र प्रभारी और सर्वेयर की मिलीभगत की आशंका जांच के बाद खरीदी प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि इस केंद्र पर अब तक 15372 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है और रिजेक्शन की मात्रा शून्य बताई गई थी। जबकि अन्य केंद्रों से एफसीआई गोदामों में भेजे गए गेहूं में रिजेक्शन की मात्रा अधिक रही है। ऐसे में बड़ी मात्रा में अमानक गेहूं मिलने के बाद केंद्र प्रभारी, नॉन सर्वेयर, वेयरहाउस कॉर्पोरेशन और वेयरहाउस प्रतिनिधियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। किसानों के भुगतान में होगी देरी गेहूं रिजेक्ट होने के बाद किसानों के भुगतान पर भी असर पड़ेगा। नियमानुसार तुलाई, परिवहन और वेयरहाउस में स्टैकिंग के बाद किसानों को भुगतान किया जाता है। पूरी प्रक्रिया में करीब आठ दिन का समय लगता है। अब बड़ी मात्रा में गेहूं रिजेक्ट होने से भुगतान प्रक्रिया अटक सकती है और किसानों को राशि मिलने में देरी होगी। किसान विजय यादव का गेहूं भी मिला अमानक निरीक्षण के दौरान केंद्र पर किसान विजय यादव के गेहूं का ढेर भी मिला, जिसे अमानक पाए जाने पर साफ कराने के निर्देश दिए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी और टीम ने चांदला के अलावा ब्यावरा स्थित एचएल अग्रवाल वेयरहाउस, नवज्योति वेयरहाउस और गोविंद वेयरहाउस केंद्रों का भी निरीक्षण किया। नवज्योति वेयरहाउस पर 100 से अधिक ट्रालियों की लंबी कतार मिली। केंद्र प्रभारी ने हम्मालों की कमी के कारण खरीदी धीमी होने की बात कही। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी नीता कोरी ने किसानों को टोकन वितरित करने, स्लॉट समाप्त होने वाले किसानों को प्राथमिकता देने और हम्मालों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *