R Madhavan Legal Notice: बुधवार को ‘धुरंधर’ एक्टर आर माधवन ने इंस्टाग्राम पर एक हेल्थकेयर ब्रांड को बिना इजाजत विज्ञापन रील में अपना नाम इस्तेमाल करने के लिए खरी-खोटी सुनाई है। इसके साथ ही एक्टर ने बताया कि उन्होंने ब्रांड को लीगल नोटिस भेजा है और लोगों को इस ब्रांड पर विश्वास न करने की सलाह भी दी है।
कितनी शर्म की बात है
आर माधवन ने पोस्ट किया, “कितनी शर्म की बात है। ये लोग और संस्थाएं कैसे सोच सकती हैं कि वो ऐसा करके बच निकलेंगी? आप किसी के इंटरव्यू का क्लिप लेकर उसे अपने एंडोर्समेंट का हिस्सा नहीं बना सकते। लीगल नोटिस भेज दिया गया है। कृपया इस तरह के प्रोफेशनल्स और संस्थाओं से
सावधान
रहें।”
उन्होंने इस विज्ञापन को ‘धोखा’ बताते हुए फैंस को आगाह किया और लिखा, “यह रील ऐसा लग रहा है जैसे मैं उनके प्रोडक्ट का एंडोर्समेंट कर रहा हूं। उन्होंने बिना किसी इजाजत के मेरे एक इंटरव्यू से बस एक क्लिप ले लिया और उसे मेरी तरफ से एंडोर्समेंट के तौर पर इस्तेमाल किया। लोग इन लोगों पर और इनके इलाज पर कैसे भरोसा करेंगे? शर्म की बात है।”
21 दिनों में वजन कम करने के बारे में बात
जिस रील के बारे में माधवन बात कर रहे हैं, उसमें उनके एक इंटरव्यू का क्लिप दिखाया गया है, जिसमें वो 21 दिनों में वजन कम करने के बारे में बात कर रहे हैं। फिर रील में एक आदमी है, जो खुद को डॉक्टर बता रहा है, और वो मैडी के ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में बात करता है।
खैर, सिर्फ माधवन ही नहीं, बल्कि उस इंस्टाग्राम अकाउंट ने करण जौहर और राम कपूर के इंटरव्यू के क्लिप भी इस्तेमाल किए हैं, जिनमें वो अपने ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में बात कर रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि ब्रांड ने अभी तक आर माधवन के लीगल नोटिस के बारे में कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है।
आर माधवन की आने वाली फिल्में
माधवन आखिरी बार ‘धुरंधर फ्रेंचाइज’ में नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। उनके पास अभी तमिल भाषा की ‘G. D. N’ और Adhirshtasaali फिल्म के अलावा ‘सर्किल’ (हिंदी, तमिल द्विभाषी) जैसी फिल्में हैं, जिन पर काम चल रहा है।
इन फ़िल्मों की रिलीज डेट अभी तक सामने नहीं आई है। इस बीच, ऐसी खबरें आई हैं कि एक्टर आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर फिल्म ‘अल्फा’ में नजर आ सकते हैं। हालांकि, इसकी भी कोई ऑफिशियल पुष्टि नहीं हुई है।


