महाराष्ट्र में आज से मौसम लेगा करवट, 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें मानसून पर क्या है अपडेट

महाराष्ट्र में आज से मौसम लेगा करवट, 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें मानसून पर क्या है अपडेट

मानसून से पहले महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 1 जून के लिए राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट और 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, राहत की बारिश के बीच एक बड़ी खबर यह भी है कि महाराष्ट्र में मानसून के आगमन के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। ताजा जानकारी के अनुसार कम से कम 10 जून तक राज्य में मानसून पहुंचने की संभावना फिलहाल नहीं है।

महाराष्ट्र में मानसून की एंट्री अभी दूर

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, तमिलनाडु और अरब सागर के दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच सकता है। लेकिन महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक अभी नहीं होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जो बारिश हो रही है या होने की संभावना है, उसका मानसून से कोई सीधा संबंध नहीं है। यह प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है।

मुंबई समेत पूरे कोंकण में बारिश का अलर्ट

कोंकण क्षेत्र के पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज रफ्तार हवाएं चलने की संभावना है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रह सकता है।

उत्तर महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार, अहिल्यानगर और जलगांव जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं धुले और नासिक जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। यहां आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ सकते है। प्रशासन ने किसानों और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

पुणे-सातारा में भी बदलेगा मौसम

पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे और सातारा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर में किसी प्रकार का अलर्ट नहीं है, लेकिन हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मराठवाड़ा में कई जिलों पर अलर्ट

मराठवाड़ा के परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़ और लातूर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्रपति संभाजीनगर और जालना जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। धाराशिव जिले में अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है।

विदर्भ में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका

विदर्भ क्षेत्र में अकोला, अमरावती, बुलढाणा, चंद्रपुर, गडचिरोली, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। जबकि भंडारा और गोंदिया जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कुछ जगहों पर तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

10 जून तक कैसा रहेगा मौसम?

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में 10 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना नहीं है। तब तक राज्य में गर्मी और उमस के बीच कहीं-कहीं तेज हवाओं, बिजली कड़कने और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *