Weather Update : राजस्थान में बदलेगा मौसम, 17 अप्रेल को आंधी-बारिश का अलर्ट

Weather Update : राजस्थान में बदलेगा मौसम, 17 अप्रेल को आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अब तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में आसमां से मानो आग बरस रही थी। धूप में घर से निकलने वाले लोग झुलसने लग गए। तापमान में बढ़ोतरी होने से अब लोगों में डिहाइड्रेशन की दिक्कत होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को छह शहरों में दिन का तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। इनमें बाड़मेर के अलावा जैसलमेर में 42.8, फलोदी में 42, चूरू में 42.4, श्रीगंगानगर में 42 डिग्री सेल्सियस दिन का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इधर, न्यूनतम तापमान में भी चार डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। आठ से अधिक शहरों का तापमान 24 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बाड़मेर में 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।

17 अप्रेल को बदलेगा मौसम

आगामी 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, 17 अप्रेल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्मी के संकेत

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी का असर और तेज होने के संकेत हैं। यहां आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को तेज गर्मी और लू के प्रभाव से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

नियमित हो गए कूलर और एसी

इस सप्ताह से ही तेज गर्मी शुरू हुई है और इसी सप्ताह से लगभग सभी लोगों ने कूलर और एसी नियमित तौर पर चलाने शुरू कर दिए हैं। दोपहर में पंखें अब गर्म हवा फैंकने लगे हैं। तपती धरती और गर्म इमारतों से टकराकर आ रही हवा और अधिक गर्मी पैदा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *