Weather Update: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गिरे ओले

Weather Update: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गिरे ओले

राजस्थान में नौतपा की तपिश के बीच आज मौसम ने करवट बदल ली है। नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे अलवर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुरुवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था।

अलवर सहित नवगठित खैरथल-तिजारा जिले में पिछले तीन दिनों से सूरज की तपिश और भीषण गर्मी से आम जनजीवन बेहाल था। लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे थे। लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर बाद अचानक आसमान में बादलों का डेरा जमा हो गया और देखते ही देखते आंधी के साथ मौसम सुहावना हो गया।

यहां गिरे ओले

खैरथल-तिजारा क्षेत्र के हरसौली कस्बे और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में तो दोपहर बाद अचानक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिरे। अचानक हुई इस ओलावृष्टि और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पिछले कई दिनों से उमस और हीटवेव का सामना कर रहे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। सड़कों पर चल रहे राहगीरों और वाहन चालकों ने पेड़ और दुकानों में छिपकर ओलों से अपना बचाव किया।

अलवर जिले के तापमान की बात करें तो गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, दोपहर बाद बादलों की आवाजाही शुरू हुई, वैसे ही पारे में 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, यह राहत सिर्फ आज तक ही सीमित नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार से तेज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई थी, जो बिल्कुल सही साबित हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले अगले दिनों में अलवर, खैरथल-तिजारा और आस-पास के जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी और हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में नौतपा के बाकी बचे दिनों में लोगों को फिलहाल झुलसाने वाली लू (हीटवेव) से बड़ी राहत मिलती रहेगी और तापमान नियंत्रण में रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *